धर्मशाला। देश में एकाएक बढ़े कोरोना के मामलों के बीच जिला कांगड़ा में रविवार को एक महिला की कोरोना महामारी के कारण मौत हो गई। महिला जिला मंडी के सरकाघाट की रहने वाली थी और राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में उपचाराधीन थी। वहीं रविवार को जिले में छह नए मामले भी सामने आए हैं।
पुष्टि करते हुए सीएमओ कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि टांडा में उपचाराधीन मंडी जिला की एक महिला की रविवार को मौत हो गई। महिला टीएमसी में इलाज करवा रही थी। इसके अलावा रक्कड़ का एक 22 वर्षीय युवक, खोली का 31 वर्षीय व्यक्ति, पालमपुर की 19 वर्षीय युवती और पालमपुर की ही 64 वर्षीय महिला भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। इसके अलावा पाहड़ा की 19 वर्षीय युवती व शाहपुर का 16 वर्षीय नाबालिग भी कोरोना संक्रमित पाया गया है।
जिले में रविवार को तीन लोगों ने कोरोना महामारी पर जीत भी हासिल की है। वहीं जिले में अब तक 8347 कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं, जिनमें 8093 रिकवर हो चुके हैं। जिले में 45 एक्टिव केस हैं, जबकि 207 लोगों की कोरोना महामारी से मौत हुई है।