रैहन में मिठाई की दुकानों में सैंपल भरते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। संवाद
रैहन (कांगड़ा)। पुलिस थाना रैहन की टीम ने सोमवार को रैहन बाजार में निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर सामान सजाकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों को सख्त हिदायत दी है कि वे त्योहारी सीजन के दौरान ऐसा न करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना है ताकि किसी को भी परेशानी न हो।
इसके साथ ही, उन्होंने बिना नंबर प्लेट के सड़क पर उतर रहे वाहन चालकों को भी सख्त चेतावनी दी है कि वे बिना नंबर प्लेट लगाए वाहन न चलाएं। इस संबंध में पुलिस ने विशेष अभियान छेड़ते हुए सिविल ड्रेस में जवान तैनात करने की प्रक्रिया शुरू की है ताकि नियमों का पालन कराया जा सके। थाना प्रभारी ने बच्चों के अभिभावकों से भी अपील की कि जब वे बच्चों के साथ बाजार आएं, तो उन्हें अपने साथ ही रखें ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। यह पहल स्थानीय सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आवश्यक है।