आईटीआई पालमपुर में 19वीं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता शुरू, बैडमिंटन में जवाली की टीम रही विजेता
संवाद न्यूज एजेंसी
पालमपुर (कांगड़ा)। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पालमपुर में मंगलवार को 19वीं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबाल मुकाबले में आईटीआई शाहपुर ने आईटीआई रझूं को हराया, जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता में आईटीआई जवाली ने आईटीआई दौलतपुर को पराजित किया।
कार्यक्रम के दौरान आईटीआई पालमपुर की छात्राओं ने झमाकड़ा प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह के प्रधानाचार्य आईपीएस खुशहाल शर्मा ने किया। समारोह में सेना भर्ती कैंट होल्टा के मेजर डॉ. अखिल नायर, केएलबी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केएस राणा, कन्या स्कूल पालमपुर की प्रधानाचार्य रितु जम्वाल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
मुख्यातिथि ने प्रतिभागियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने, समाज और देश सेवा के लिए प्रेरित किया। मेजर डॉ. अखिल नायर ने युवाओं को सेना भर्ती के लिए शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी।