कांगड़ा। भारी विरोध और जनभावनाओं के आगे झुकते हुए प्रदेश सरकार ने तकीपुर कॉलेज में साइंस और कॉमर्स की कक्षाएं दोबारा चलाने की अनुमति दे दी है। सरकार ने शनिवार देर शाम इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। सरकार के इस फैसले के बाद तकीपुर कॉलेज में इन दोनों महत्वपूर्ण विषयों की कक्षाएं बंद होने से छात्रों और उनके अभिभावकों में पैदा हुईं शंकाएं व चिंताएं पूरी तरह खत्म हो गई हैं।
उल्लेखनीय है कि अमर उजाला ने तकीपुर कॉलेज में साइंस और कॉमर्स की कक्षाएं बंद होने के चलते छात्रों को आ रही दिक्कतों के समाचार को प्रमुखता से उठाया था। इन कक्षाओं को बंद किए जाने के विरोध में निकटवर्ती गांवों के लोगों ने उग्र प्रदर्शन भी किया था। इस मसले को लेकर जहां एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने की बात कही थी। वहीं एपीएमसी के चेयरमैन नीशू मोंगरा ने भी मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर इन कक्षाओं को बहाल करने की मांग की थी।
शनिवार देर शाम जैसे ही सरकार की अधिसूचना सोशल मीडिया पर वायरल हुई, क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। इस बीच सेवानिवृत्त प्रिंसिपल मोहिंद्र सिंह सहित क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों ने तकीपुर कॉलेज में कक्षाएं बहाल करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए एपीएमसी चेयरमैन नीशू मोंगरा का आभार व्यक्त किया है।