गगल (कांगड़ा)। कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे पर शनिवार को पुलिस ने एक रूसी नागरिक को बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के हिरासत में लिया है। हवाई अड्डे पर सुरक्षा कर्मियों को यात्रा दस्तावेज न पाने पर विदेशी नागरिक को पकड़ा है। हवाई अड्डा सुरक्षा प्रबंधन की सूचना पर गगल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे यह रूसी नागरिक दिल्ली जाने के लिए हवाई अड्डे पर पहुंचा था। मुख्य द्वार पर सुरक्षा जांच के दौरान जब उससे पासपोर्ट मांगा गया तो वह उसे पेश नहीं कर सका। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पुराना पासपोर्ट बरामद हुआ, जिसकी वैधता वर्ष 2023 में ही समाप्त हो चुकी है।
वैध दस्तावेज न होने के कारण सुरक्षा अधिकारियों ने उसे तुरंत रोककर स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस पूछताछ में विदेशी नागरिक ने दावा किया कि उसका नया और वैध पासपोर्ट मैक्लोडगंज में ट्रैकिंग के दौरान कहीं गुम हो गया है। हालांकि, पुलिस उसके इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि विदेशी नागरिक के पास वास्तव में नया पासपोर्ट था या वह अवैध रूप से क्षेत्र में रह रहा था।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने कहा कि विदेशी नागरिक से पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में रूसी दूतावास (रशियन एंबेसी) से संपर्क कर यह पता लगाया जाएगा कि नागरिक के पास नया पासपोर्ट जारी हुआ था या नहीं। यदि उसके पास वैध दस्तावेज नहीं पाए जाते हैं तो उसके खिलाफ कानून के तहत मुकद्दमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।