पंचरुखी (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस थाना के तहत भुआणा में मोबाइल की ईएमआई को लेकर हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट और नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भुआणा निवासी राहुल धीमान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने ज्योति प्रकाश निवासी मल्ली को पालमपुर में ईएमआई पर मोबाइल फोन दिलवाया था। मोबाइल का बैंक लोन राहुल के खाते से कटता था जबकि किस्त ज्योति प्रकाश जमा करवाता था। राहुल के अनुसार वह आरोपी को समय पर ईएमआई जमा करवाने के लिए कई बार कह चुका था, क्योंकि किस्त लेट होने से उसका बैंक रिकॉर्ड खराब हो रहा था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह 5 मई को छुट्टी लेकर घर आया था। आरोप है कि 8 मई की शाम करीब 6:30 बजे उसने ज्योति प्रकाश को फोन किया तो आरोपी ने उसे भुआणा हाई स्कूल के पास बुलाया। वहां आरोपी ने उसका रास्ता रोक लिया और डंडे से सिर और टांग पर वार कर दिया, जिससे उसे चोटें आईं।
राहुल ने आरोप लगाया कि आरोपी उसका पर्स भी ले गया, जिसमें 5 हजार रुपये नकद थे। उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी ज्योति प्रकाश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।