बिजली बोर्ड कार्यालय के बाहर खोदी सड़क का खस्ता हालत।
धर्मशाला अस्पताल के बाहर और कई जगहों पर बने गहरे गड्ढे
दोपहिया वाहन चालकों को हो रही सबसे ज्याद परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में सड़कों की खस्ता हालत के कारण वाहन चालक और यात्री परेशान हैं। हालत यह है कि जगह-जगह सड़कें खोद दी हैं और उसके बाद उनमें मिट्टी भर दी है। जो भारी बारिश के कारण बह गई है और अब वहां पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। इस कारण वाहन हिचकोले खाते गुजर रहे हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है, उन्हें अनियंत्रित होकर गिरने का खतरा पैदा हो गया है। जोनल अस्पताल धर्मशाला, बिजली बोर्ड कार्यालय और डीसी कार्यालय के बाहर स्मार्ट रोड का निर्माण कर रहे ठेकेदार ने सड़क के बीच खोदाई की है। उसे ठीक करने के बजाय वहां पर केवल मिट्टी भरी गई है। मिट्टी वाहनों के वजन के कारण करीब सात से आठ इंच तक सड़क धंस गई है। इस वजह से वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को झटके खाने पड़ रहे हैं। सभी वाहन चालकों को वहां से संभलकर निकलना पड़ रहा है। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों को खतरा पैदा हो गया है। खास कर रात के समय दिक्कत ज्यादा पैदा हो रही है और बारिश के दौरान भी नालियों का पता नहीं चल पा रहा है। इससे हर व्यक्ति परेशान है। स्मार्ट सिटी की ओर से बरती जा रही लापरवाही लोगों के लिए आफत साबित हो रही है। उधर, स्मार्ट सिटी धर्मशाला के एसडीओ केवल शर्मा ने बताया कि जल्द की इन खोदी गई सड़कों पर इंटरलॉक टाइल्स बिछा दी जाएंगी, ताकि वाहन चालकों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि कचहरी अड्डा में स्मार्ट रोड का कार्य चल रहा है, लेकिन दुकानदारों की मनमानी के कारण काम में देरी हो रही है।