लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। आईटीआई चंबा के पास क्षतिग्रस्त पुल का मरम्मत कार्य शुरू होने पर स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग का आभार जताया है। पुल की हालत काफी दयनीय हो चुकी थी। ऐसे में यहां हर समय हादसा होने का खतरा बना रहता था। अब लोक निर्माण विभाग ने पुल का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। कुछ ही दिनों में पुल आवाजाही के लिए पूरी तरह से सुरक्षित हो जाएगा।
स्थानीय निवासी वीरू राणा, विनोद कुमार, हंसराज, केवल, सुभाष, सुरेंद्र, मनोज कुमार और अरविंद ने बताया कि लोग काफी समय से इस पुल की मरम्मत करवाने की मांग कर रहे थे। आईटीआई सहित अन्य लोग शहर में आने जाने के लिए इस पुल से आवाजाही करते हैं। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि पुल का मरम्मत कार्य शुरू हो चुका है। जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा।