शाहपुर (कांगड़ा)। बच्ची से रेप के मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने तहसीलदार शाहपुर के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर मांग की है कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। भाजयुमो जिला कांगड़ा के सचिव कार्निक पाधा की अगुवाई में करीब 100 लोगों ने पुलिस थाना शाहपुर पहुंच कर पुलिस अधिकारियों से भी मांग की है कि आरोपी अध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने आग्रह किया कि पूर्व में भी इस अध्यापक की गतिविधियां संदिग्ध रही हैं। इसलिए मामले की गहन छानबीन हो, ताकि आरोपी को सख्त सजा मिल सके। अध्यापक विद्यार्थियों के लिए आदर्श होते हैं, लेकिन शाहपुर के धारकंडी में जिस प्रकार एक अध्यापक का कृत्य सामने आया है, उससे शिक्षक समाज शर्मसार हुआ है। उन्होंने बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की पकड़ प्रशासन पर ढीली है। इस कारण असामाजिक तत्वों को सरकार और प्रशासन का कोई डर नहीं है।