देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। मानसून की दस्तक से पहले उपमंडल देहरा में आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित बाढ़, भूस्खलन और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए विकास खंड देहरा और परागपुर की 122 ग्राम पंचायतों में क्विक रिस्पांस टीमों (क्यूआरटी) का गठन किया जाएगा।
एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन ने सभी पंचायतों को सात दिनों के भीतर वालंटियरों की सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश जारी किए हैं। इन त्वरित प्रतिक्रिया दलों का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में सबसे पहले मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू करना होगा।
प्रशासन ने प्रत्येक ग्राम पंचायत से क्यूआरटी सदस्यों के नाम, स्थायी पते और सक्रिय मोबाइल नंबर सहित विस्तृत विवरण मांगा है ताकि संकट की घड़ी में उनसे तुरंत संपर्क किया जा सके। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी देहरा और परागपुर के माध्यम से सभी पंचायत सचिवों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि के भीतर कमेटियों का गठन कर इसकी लिखित रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय को भेजी जाए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।