नगरोटा बगवां के राज्य स्तरीय लिदबड़ मेले के आज समापन मोके पर आयोजित कुश्तियों की बड़ी माली के विज
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। राज्य स्तरीय लिदबड़ मेले में शुक्रवार को अंतिम दिन महादंगल का आयोजन किया गया। इस मौके पर आरएस बाली मुख्य अतिथि के रूप ने मौजूद रहे।
मेले में सभी पहलवानों ने अपने दांवपेच दिखाए। मेला कमेटी अध्यक्ष एसडीएम नगरोटा मुनीश शर्मा और अन्य सदस्यों ने मुख्यातिथि को शॉल-टोपी भेंट करके सम्मानित किया। शुक्रवार की कुश्तियों में हिमाचल और अन्य राज्यों के 200 के लगभग पहलवानों ने पंजीकरण करवाया, जबकि नेपाल के पहलवानों ने भी यहां अपने जौहर दिखाए।
मेले में बड़ी माली के विजेता पंजाब के नरेंद्र पहलवान रहे, जबकि उपविजेता हरियाणा के विक्रांत रहे। बाली ने बड़ी माली के विजेता को 51 हजार रुपये और उपविजेता को 31 हजार रुपये बतौर इनामी राशि भेंट की। विजेता पहलवान को 51 हजार रुपये की राशि नगरोटा के स्वयंसेवी रहे दिवंगत बिशन दास वालिया की याद में उनके एनआरआई बेटे लोकेश वालिया ने दी। आरएस बाली ने कहा कि मेले आपसी भाईचारे का प्रतीक हैं और यह एक-दूसरे को आपस में जोड़ते हैं।उन्होंने नगरोटा प्रशासन, अधिकारियों और मेला कमेटी सदस्यों को मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
बाली बोले- माता की याद में 1.10 करोड़ करेंगे दान
आरएस बाली ने कहा कि 19 जुलाई को उनकी माता का जन्मदिवस होता है। उन्होंने अपनी माता की याद में इस दिन अपने निजी खाते से माता बज्रेश्वरी मंदिर कांगड़ा के लिए 50 लाख, चामुंडा देवी मंदिर के लिए 50 लाख और नगरोटा के प्राचीन मंदिर नारदा शारदा के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।