धर्मशाला में एलईडी पर चल रहा क्यूआर कोड।
धर्मशाला। शहर के लोग अब घर बैठे ही अपनी शिकायतें नगर निगम में दर्ज करवा सकते हैं। लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। शहरवासी अपने मोबाइल से क्यूआर कोड को स्कैन कर नगर निगम को अपनी सारी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज करवा सकते हैं। नगर निगम धर्मशाला ने लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए शुक्रवार को शहरभर में क्यूआर कोड लगाकर व्हाट्सएप नंबर जारी किया है। लोगों को अपने मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद मोबाइल पर व्हाट्सएप नंबर दिखाई देगा। संबंधित व्हाट्सएप नंबर पर लोग अपनी शिकायत व किसी भी चीज से संबंधित जानकारी हासिल कर सकते हैं।
व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से मिली शिकायतों और पूछताछ का निपटारा करने के लिए नगर निगम ने अपने कार्यालय में डिजिटल शिकायत कक्ष बनाया है। लोग इस नंबर के माध्यम से अपनी सफाई, बिजली, पानी व अन्य सुविधाओं से संबंधित सभी शिकायतें घर बैठे ही दर्ज करवा पाएंगे। वहीं, नगर निगम की ओर से लोगों को नंबर जारी कर बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहरवासियों को शहर में लगाई गई एलईडी पर स्कैन को दिखाकर जागरूक किया जा रहा है। नगर निगम की ओर से शहर में पांच अप्रैल तक ट्रेड लाइसेंस और कुत्तों के पंजीकरण का कार्य भी किया जा रहा है। इस नंबर के माध्यम से लोग अपनी जानकारी भी हासिल कर सकते हैं।
शहरवासियों को बेहतर सुविधा देने का किया जा रहा प्रयास : इकबाल
धर्मशाला नगर निगम के आयुक्त जफर इकबाल ने कहा कि कार्यों की व्यस्तता के चलते कार्यालय में पहुंचने वाले शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का निपटारा सही ढंग से नहीं हो पा रहा था। इसके चलते निगम की ओर से डिजिटल क्यूआर कोड लांच कर शहरवासियों को बेहतर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है। लोग क्यूआर कोड को स्कैन कर व्हाट्सएप पर अपनी शिकायत या किसी भी सरकारी व अन्य कार्य की जानकारी की मैसेज या काॅल के माध्यम से हासिल कर सकते हैं।