नूरपुर(कांगड़ा)। पुलिस जिला नूरपुर ने नशा तस्करी के आरोपी दंपती रवि कुमार और उसकी पत्नी शिल्पा निवासी झाझवां, फतेहपुर की 16.33 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों को 16 अक्तूबर 2024 को कंडवाल में नाकाबंदी के दौरान 109.52 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था।
एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि इस मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों की चल एवं अचल संपत्तियों की जांच की गई। इस वित्तीय जांच के आधार पर दोनों आरोपियों की कुल 16.33 लाख रुपये की संपत्ति को जब्त कर रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली को भेजी गई। सक्षम प्राधिकारी ने अपने आदेश के माध्यम से संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस नूरपुर ने 10 जून 2025 तक कुल 10 अभियोगों में नशे के अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों की 17.88 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करवाई है। इसके साथ ही कुछ अन्य मामले भी सक्षम प्राधिकारी दिल्ली के विचाराधीन है। जिला पुलिस नूरपुर का नशे के कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी है।