कांगड़ा के बीरता में कीचड़ में धंसी निजी बस। -संवाद
कांगड़ा। बीरता में सड़क किनारे जल शक्ति विभाग की सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के लिए चल रहे कार्य के कारण यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। रविवार को हुई बारिश के बाद सड़क किनारे बने कीचड़ में धंसने से एक निजी बस फंस गई। यह बस पठानकोट की ओर जा रही थी।
इसके बाद बस में सवार यात्रियों को सावधानी के साथ नीचे उतारा गया और उन्हें दूसरी बस के माध्यम से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस घटना के चलते मार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। मौके पर तैनात यातायात पुलिस कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद फंसी हुई बस को बाहर निकाला और वाहनों की आवाजाही को सुचारु कराया।
निर्माण कार्य के चलते सड़क पहले ही काफी संकरी हो चुकी है, जिससे दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रवि भूषण ने बताया कि जल शक्ति विभाग ने सीवरेज पाइपलाइन बिछाने की अनुमति ली है और जल्द कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया है। कार्य पूरा होते ही सड़क की मरम्मत कर दी जाएगी।
अंकित, पवन, रजिंद्र, देवेंद्र, कश्मीर, नीलम व मनोज, स्थानीय निवासी ने कहा कि धूप होने पर उड़ने वाली धूल और बरसात के बाद होने वाले कीचड़ के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सड़क संकरी होने से आए दिन यहां हादसे और जाम की स्थिति बनी रहती है। विभाग को जल्द से जल्द यह कार्य पूरा करना चाहिए।