धर्मशाला। गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण की जद में आए प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की प्रक्रिया में अब तेजी आने की उम्मीद है।
सरकार की ओर से भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर) के लंबित भुगतान के लिए जारी की गई 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि के आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
संबंधित मामलों में पुरानी फाइलों और प्रभावित परिवारों के भुगतान को आगे बढ़ाया जाएगा। इसमें विस्तारीकरण की जद में आए सभी 14 मुहालों के आबादी देह से जुड़े मामलों के लिए 60 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।
वहीं, सभी मुहालों की पुरानी फाइलों के भुगतान के लिए 40 करोड़ रुपये जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके अलावा बाग मुहाल के प्रभावित परिवारों को आरएंडआर के तहत भुगतान के लिए पांच करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़े कई मामलों में भुगतान की प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है। अब अतिरिक्त राशि उपलब्ध होने से इन मामलों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है। राशि आवंटित होने के बाद संबंधित विभाग पुरानी फाइलों और प्रभावित परिवारों से जुड़े लंबित भुगतान मामलों पर कार्रवाई आगे बढ़ाएंगे।
उल्लेखनीय है कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए पर्यटन विभाग ने सरकार को 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि का प्रस्ताव भेजा था। मंजूरी मिलने के बाद यह राशि स्थानीय प्रशासन को प्राप्त हो चुकी है। अब भूमि अधिग्रहण अवार्ड और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन के तहत भुगतान की प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है।
गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण अवार्ड और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन के तहत सरकार की ओर से 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि पहुंच चुकी है। इसमें से 60 करोड़ आबादी देह से संबंधित मामलों, 40 करोड़ रुपये सभी 14 मुहालों के प्रभावित परिवारों की पुरानी फाइलों और पांच करोड़ रुपये विस्तारीकरण की जद में आए बाग गांव के प्रभावित परिवारों को आवंटित करने की प्रक्रिया चल रही है। -डॉ. अंजलि गर्ग, एसडीएम, कांगड़ा