मंडी। जिला मंडी में तीन दिन के भीतर सभी शराब के ठेके खोलने की तैयारी है। कुल 318 ठेकों में से 62 का संचालन नागरिक आपूर्ति निगम और राज्य औद्योगिक विकास निगम (एसआईडीसी) करेंगे। नागरिक आपूर्ति निगम ने 40 और एसआईडीसी ने 22 ठेकों के संचालन के लिए आबकारी विभाग में आवेदन कर दिया है।
रविवार को नए आदेश मिलने के बाद दोनों निगमों के अधिकारी अब दुकानों के चयन में जुटे हुए हैं। सोमवार को नागरिक आपूर्ति निगम ने 10 दुकानों को चिह्नित कर ठेकों का संचालन शुरू कर दिया। कुछ स्थानों पर जमीन विवाद के कारण थोड़ी देरी हो रही है, लेकिन निगम अगले तीन दिन के भीतर सभी ठेकों को खोलने की तैयार में है। वीरवार से लोग सरकारी दुकानों से शराब खरीद सकेंगे।
राज्य कर एवं आबकारी विभाग मंडी के आयुक्त वरुण कटोच ने बताया कि दोनों निगमों ने ठेकों के संचालन के लिए आवेदन कर दिए हैं और स्टॉक की कोई कमी नहीं है।