हेरोइन के साथ 40 लाख कैश पकड़ने का मामला
आरोपी के खातों में हुए लेन-देन की डिटेल खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला में एचआरटीसी वर्कशॉप के समीप वोल्वो बस से पकड़े गए 40 लाख कैश मामले में पुलिस आरोपी के दिल्ली कनेक्शन की जांच कर रही है। आरोपी ने दिल्ली से इस कैश को लाने और कारोबार में इसका प्रयोग करने की बात कही है। इसके चलते पुलिस अब आरोपी के दिल्ली से कैश उठाने वाले बिंदुओं को जांच रही है। वहीं, आरोपी से मौके पर पकड़े गए नौ ग्राम चिट्टा और एक ग्राम अफीम की जांच में सामने आया है कि वह खुद ही इनका आदी था।
बता दें, सात नवंबर को धर्मशाला पुलिस टीम ने एचआरटीसी वर्कशॉप के समीप कैंट रोड पर एक निजी वोल्वो बस से दो लोगों को कुछ बक्से उतारने के दौरान उनमें मौजूद सामान को लेकर पूछताछ की थी। इस दौरान बक्से उतार रहे व्यक्ति पुलिस को कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए तो पुलिस टीम ने बक्सों की तलाशी ली। तलाशी में नौ ग्राम हेराेइन और एक ग्राम अफीम सहित 40 लाख रुपये का कैश भी बरामद किया है। पुलिस ने राकेश (45) निवासी गमरू के खिलाफ मामला दर्ज किया था जोकि पुलिस रिमांड पर चल रहा है। पुलिस पूछताछ में बताया है कि कारोबार के चलते वह इस कैश को लेकर आया था। जिस पर पुलिस आरोपी की ओर से बताए गए बिंदुओं के तहत जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के बैंक खातों सहित अन्य कनेक्शन को भी जांचा जा रहा है।
उधर, एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कुछ तथ्य सामने आए हैं जिन पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।