ठाकुरद्वारा/इंदौरा (कांगड़ा)। पंजाब में जहरीली शराब के साथ हुई मौतों के बाद हिमाचल पुलिस ने पंजाब-हिमाचल सीमा स्थित गांवों में अभियान चलाया और हजारों लीटर कच्ची शराब नष्ट की। थाना इंदौरा के तहत पुलिस ने शराब माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार तड़के चार बजे धावा बोला। अवैध शराब का कारोबार करने वाले लोगों के घरों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में कच्ची शराब (लाहन) को नष्ट किया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 20 हजार मिलीलीटर शराब लाहन सहित तीन आरोपियों को पकड़ने में भी कामयाबी हासिल की।
इस संदर्भ में थाना इंदौरा के प्रभारी सुरिंदर धीमान ने बताया कि कुल पांच टीमें गठित कर थाना इंदौरा के अंतर्गत पड़ते गांव टिब्बी, बाईं टांडा, भोग्रवां, बडूखर, राजाखासा, ठाकुरद्वारा, उल्हेड़िया, खानपुर त्यौड़ा आदि गांवों में शराब का कारोबार करने वालों के घरों में दबिश दी। हालांकि, इस दबिश के दौरान पुलिस के पहुंचने से पहले ही अवैध शराब का धंधा करने वाले अपने घरों को ताले मारकर भाग खड़े हुए। इन लोगों ने अवैध कच्ची शराब अपने घरों और आसपास जंगलों, खेतों, झाड़ियों में बड़े पॉलिथीन के बैगों और प्लास्टिक के ड्रमों में छुपाकर रखी थी, जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान दस लाख मिलीलीटर से ऊपर कच्ची शराब जो रात को तैयार की जानी थी, उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया। शराब तैयार करने के लिए बनाई गईं भट्ठियों और उपकरणों को भी पुलिस ने तहस-नहस कर दिया।
आरोपियों की पहचान नीलम कुमारी पत्नी सुरिंदर सिंह निवासी गगवाल, सीता तमंग पत्नी संजय कुमार निवासी राजाखासा व कुलदीप कुमार उर्फ कट्टा पुत्र मदन लाल निवासी टांडा तारा खड्ड डाकघर काठगढ़ तहसील इंदौरा के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना इंदौरा में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।