नगर परिषद जवाली के भवन की छत से उखड़ा प्लास्टर। जागरूक पाठक
रैहन (कांगड़ा)। नगर परिषद जवाली के कार्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बारिश के बीच अचानक छत से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा उखड़कर नीचे आ गिरा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कर्मचारी घटनास्थल से कुछ दूरी पर बैठे थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी सुरक्षित बच गए।
करीब तीन दशक पुराने इस भवन की हालत लंबे समय से खस्ताहाल बनी हुई है। बारिश के चलते छत टपकने और दीवारों से सीलन आने से खतरा और बढ़ गया है। घटना के बाद कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। कर्मचारियों का कहना है कि इमारत बेहद जर्जर हो चुकी है और यहां कभी भी गंभीर अनहोनी हो सकती है। उन्होंने सुरक्षा को देखते हुए कार्यालय को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) गणेश शर्मा ने बताया कि नए भवन के लिए भूमि चिह्नित कर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया था, लेकिन कोर्ट से स्टे आ जाने के कारण काम बीच में ही रोकना पड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सुरक्षा प्राथमिकता है और फिलहाल कार्यालय को किसी अन्य सुरक्षित भवन में स्थानांतरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर परिषद जवाली के भवन की छत से उखड़ा प्लास्टर। जागरूक पाठक
नगर परिषद जवाली के भवन की छत से उखड़ा प्लास्टर। जागरूक पाठक