पालमपुर (कांगड़ा)। चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर के पेंशनरों ने लंबे समय से लंबित भुगतान पर चिंता और रोष व्यक्त किया है। पेंशनर सभा ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर भुगतान जारी नहीं किए गए तो विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पेंशनर सभा की वार्षिक बैठक विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित हुई। बैठक में पेंशनरों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने अवकाश नकदीकरण और कम्यूटेशन जैसे सेवानिवृत्ति लाभों के भुगतान में देरी, 15 माह के महंगाई भत्ते के बकायों का भुगतान लंबित रहने और संशोधित पेंशन पर पेंशन भत्ते की अदायगी न होने पर नाराजगी जताई।
सभा के अध्यक्ष डॉ. एसपी शर्मा ने कहा कि पेंशन भत्ते के भुगतान में असामान्य देरी के कारण पेंशनरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा राज्य सरकार के अनुरूप वेतन संशोधन के एरियर का भुगतान न होने का मुद्दा भी उठाया गया। पिछले चार महीनों के दौरान समस्याओं के समाधान के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी। कोषाध्यक्ष वीरेंद्र कटोच ने वित्तीय लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उपाध्यक्ष राजिंद्र सिंह ने विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों से आए सदस्यों का स्वागत किया। संयुक्त सचिव जेपी ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
बैठक में वयोवृद्ध सदस्य डॉ. एसके भल्ला और डॉ. बीपी कायस्था को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. पवन मेहता, डॉ. जतिंद्र किश्तवाड़िया, डॉ. आरएस जम्वाल, डॉ. एसएस कंवर और मदन शर्मा ने भी विचार रखे।