पंचरुखी विकास खंड में पिछले कई दिनों से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर चली जद्दोजहद मंगलवार को खत्म हो गई। कोरम पूरा न होने के कारण पंचरुखी में दो बार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव टालना पड़ा था। लेकिन, मंगलवार को अध्यक्ष पद पर बनी सर्व सहमति से साफ दिखा कि उर्मिला के मुकाबले में किसी अन्य बीडीसी सदस्य ने अपनी दावेदारी जताई ही नहीं।
भाजपा और कांग्रेस के सभी लोगों ने उर्मिला राणा के नाम पर एकजुटता से मुहर लगा दी, जबकि उपाध्यक्ष पद पर सहमति न होने पर मुहाल होल्टा से राजकुमार, द्रुग से समीर राणा और चंद्रोपा से अशोक राणा चुनाव में उतरे। इसमें अशोक राणा और राजकुमार को छह-छह और समीर राणा को चार मत मिले।
लिहाजा, उपाध्यक्ष पद के लिए फिर से तिकड़मबाजी शुरू हुई। लेकिन, सबकी सहमति में बाद टॉस किया गया। जिस पर अशोक राणा टॉस के माध्यम से उपाध्यक्ष पद के लिए चुने गए। अध्यक्ष उर्मिला राणा ने विधायक यादवेंद्र गोमा और प्रदेश कांग्रेस सचिव आशीष बुटेल का आभार जताया। विधायक गोमा ने चुनाव में जिन कांग्रेस समर्थित लोगों ने कांग्रेस का साथ दिया, उन्हें एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उधर, निर्वाचन अधिकारी विजय नायब तहसीलदार विजय सूद ने कहा पंचरुखी ब्लॉक खंड में उर्मिला राणा को अध्यक्ष और अशोक राणा को उपाध्यक्ष चुना गया है।