कांगड़ा। नगर परिषद कांगड़ा में पुराने ठेकेदार को सफाई व्यवस्था का ठेका आवंटित करने पर विपक्षी पार्षदों ने हमला बोल दिया। नगर परिषद में शुक्रवार को आयोजित आपात बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था का ठेका दोबारा से पुराने ठेेकेदार को ही पुराने रेट पर आवंटित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। लेकिन इस फैसले का विपक्षी धड़े के पार्षदों ने विरोध कर दिया।
पार्षद कोमल शर्मा सहित तीन अन्य पार्षदों ने दो टूक कहा कि जब सभी परिषदों में इसके लिए टेंडर प्रक्रिया है तो फिर यहां क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि वह इस फैसले का विरोध करते हैं और इसकी शिकायत सरकार और जिलाधीश से की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर में सफाई व्यवस्था का हाल तहसील चौक में ही देखा जा सकता है। पार्षद प्रेम सागर ने आरोप लगाया कि उनके वार्ड नंबर एक में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है।
उनके वार्ड में न तो कोई सफाई के लिए आता है और न ही बाजार और गलियों में सफाई की जाती है। वहीं वार्ड तीन की पार्षद पुष्पा ने बताया कि उनके वार्ड में हाउसिंग बोर्ड कालोनी से लेकर वार्ड की गलियों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। जब फोन करते हैं तो एक कर्मी को भेजा जाता है। वार्ड चार की पार्षद अनुराधा ने बताया कि उनके वार्ड में भी ऐसा ही है। पार्षद कोमल ने बताया कि दोबारा उसी ठेकेदार को दोबारा ठेका देने की वजह बताई जाए।
उधर, नप अध्यक्ष रेणू शर्मा ने कहा कि नियमों के अधीन ही बहुमत से यह फैसला लिया गया है। पिछले वर्ष इसी टीम की बदौलत स्वच्छता अभियान में कांगड़ा नगर परिषद पहले स्थान पर रही है। इसलिए फैसला नियमों के तहत लिया गया है।