धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला के क्षेत्रीय केंद्र मोहली खनियारा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए निर्धारित काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। अब छूट गए अभ्यर्थियों को ऑन-द-स्पॉट काउंसलिंग के जरिए प्रवेश का मौका दिया जा रहा है। अभ्यर्थी अब 28 जुलाई को ऑन-द-स्पॉट काउंसलिंग में हिस्सा ले सकते हैं।
निदेशक प्रो. कुलदीप कुमार ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने एमए (संस्कृत, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र), एमकॉम और एमसीए की प्रवेश परीक्षा दी थी, लेकिन क्षेत्रीय केंद्र में आवेदन पत्र नहीं भर पाए थे, वे 200 रुपये के बैंक ड्राफ्ट या आईपीओ के साथ अपना फॉर्म जमा करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिन अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा नहीं दी थी, वे भी 900 रुपये (एमसीए के लिए 1200 रुपये) के ड्राफ्ट व मूल दस्तावेजों के साथ 28 जुलाई को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक निदेशक कार्यालय में उपस्थित हो सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एमएससी भूविज्ञान और पीजीडीसीए में प्रवेश पूरी तरह से योग्यता (मेरिट) के आधार पर होगा तथा इनकी भी मौके पर ही काउंसलिंग की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय केंद्र की वेबसाइट से आवेदन पत्र व विवरणिका डाउनलोड कर सकते हैं।