धर्मशाला। मैदानी इलाकों में पड़ रही गर्मी से राहत पाने के लिए बाहरी राज्यों के पर्यटकों ने पर्यटन नगरी धर्मशाला का रुख करना शुरू कर दिया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में आए दिन गर्मी का पारा चढ़ता जा रहा है। इसके चलते इन बाहरी राज्यों की गाड़ियों का जमावड़ा धर्मशाला की सड़कों पर देखा जा सकता है। वहीं इस सप्ताह भी धर्मशाला सहित मैक्लॉडगंज और भागसूनाग में रविवार देर शाम तक होटलों की ऑक्यूपेंसी 70 फीसदी तक पहुंच गई है।
पर्यटकों के धर्मशाला की ओर रुख करने से लंबे समय से कोरोना की मार झेल रहा होटल कारोबार अब धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। बीते सप्ताह होली के त्योहार के चलते चार दिन के लंबे अवकाश के चलते होटल कारोबारियों ने व्यापार के नजरिये से अच्छी कमाई की है। दूसरी ओर पर्यटन नगरी दो साल बाद फिर से धीरे-धीरे विदेशी पर्यटकों के आगमन से गुलजार होने लग पड़ी है।
स्मार्ट सिटी होटल एवं रेस्तरां एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल धीमान ने बताया कि होटल कारोबारियों के लिए यह सप्ताह भी राहत भरा रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार देर शाम तक होटलों की ऑक्यूपेंसी 70 फीसदी तक पहुंच चुकी थी। वहीं उम्मीद है कि रात तक यह ऑक्यूपेंसी 80 फीसदी तक पहुंच जाएगी।