गुलेर (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सकरी में एनएसएस का सात दिवसीय शिविर रविवार को संपन्न हुआ। इसमें 25 स्वयंसेवकों ने भाग लेकर समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा श्रमदान की अनूठी मिसाल पेश की। समापन समारोह की अध्यक्षता उप-प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गुलेरिया ने की।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। अजय कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर के साथ-साथ गोद लिए गांव में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। घर-घर जाकर ग्रामीणों को जल संरक्षण, बेहतर स्वास्थ्य तथा डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूक किया। उप-प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह गुलेरिया ने कहा कि एनएसएस का मूल उद्देश्य स्वयं से पहले आप के सिद्धांत को जीवन में अपनाना है। संवाद