धर्मशाला के डीपो बाजार में वाहन को पार्क करने के लिए सड़क किनारे लगाई गई येलो लाइन। स्त्रोत : स
धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला में पार्किंग और जाम की समस्या के कारण गुस्से में अकसर लाल होने वाले लोगों के चेहरों पर पीली रेखा से सुकून दिखेगा। जाम और पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम ने पीली रेखा (येलो लाइन) खींच दी है। वाहन इस रेखा के अंदर खड़े किए जा सकेंगे। इससे सड़काें के बीच पार्किंग की समस्या तो दूर होगी, साथ ही लगातार लगने वाले जाम से भी छुटकारा मिलेगा। हालांकि इस रेखा के भीतर वाहन खड़ा करने के लिए लोगों को समय के हिसाब के पैसे चुकाने होंगे। फिलहाल नगर निगम की ओर से कोई दर तय नहीं की है। जल्द भी अधिकारियों और पार्षदों की बैठक में दरें निर्धारित करने का निर्णय लिया जाएगा।
नगर निगम की ओर से पीली रेखा की व्यवस्था अभी डिपो बाजार के कोर्ट परिसर धर्मशाला से कन्या स्कूल तक ही की गई है। इस सड़क के किनारे काफी स्थान है, जहां सड़क के दोनों ओर लोगों के वाहन रोजाना खड़े रहते हैं, जिस कारण वहां जाम की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अब नगर निगम की ओर से पीली रेखा खींची है, ताकि लोग सड़क के एक तरफ ही अपने वाहन खड़े कर सकें। इसके अलावा भी कई ऐसे स्थान हैं, जहां पर पीली रेखा लगाने से पार्किंग की समस्या कुछ हद तक कम हो सकती है। जल्द ही अन्य सड़कों पर भी ऐसी ही रेखा दिखेगी। इसके तहत वाहन लगाने वाले चालकों की पर्ची काटने के लिए नगर निगम का कर्मचारी तैनात रहेगा।
नगर निगम धर्मशाला में पार्किंग की समस्या को कम करने के लिए मुख्य सड़कों के अलावा अन्य चौड़ी सड़कों पर पीली रेखा लगाकर पार्किंग स्पॉट बनाए जा रहे हैं। फिलहाल डिपो बाजार वाली सड़क पर यह व्यवस्था की है। अभी पार्किंग में वाहन खड़ा करने के लिए दाम निर्धारित नहीं किए हैं। इसके लिए बैठक की जाएगी और उसके बाद कोई निर्णय लिया जाएगा।
- नीनू शर्मा, मेयर, नगर निगम धर्मशाला