लावारिस कुत्तों का अभियान 09
अब लोगों की जान पर भी भारी पड़ने लगे लावारिस कुत्ते
खुंडिया के बग्गी में लोगों का घर से निकलना हुआ मुश्किल
हाल ही में कुत्ते के काटने से एक व्यक्ति की हो चुकी है मौत
मिलाप कौशल
खुंडियां (कांगड़ा)। ज्वालामुखी के तहत चंगर क्षेत्र में आए दिन लावारिस कुत्तों के आतंक से लोग दहशत में हैं। हालात ये हैं कि अब ये लावारिस कुत्ते लोगों की जान पर भी भारी पड़ने लगे हैं। पिछले कुछ समय से इन लावारिस कुत्तों के बढ़ते आतंक से स्कूली विद्यार्थियों समेत दोपहिया वाहनचालकों को सड़क से गुजरना किसी खतरे से खाली नहीं है। चार माह में लावारिस कुत्तों ने स्कूली बच्चों, स्थानीय लोगों और प्रवासी मजदूरों पर हमला कर उन्हें अपना शिकार बनाया है। हाल ही में छह नवंबर को लावारिस कुत्तों ने एक प्रवासी बच्चे को गंभीर रूप से काट लिया था, जिसको उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज के बाद बिलासपुर एम्स के लिए रेफर किया गया था। बच्चे का स्वास्थ्य अब ठीक लेकिन डॉक्टरों ने बच्चे के घाव रह जाने पर उसकी प्लास्टिक सर्जरी की भी बात कही है।
वहीं, 27 अक्तूबर को पंचायत बग्गी के रहने वाले प्रीतम चंद को भी उनकी दुकान के बाहर लावारिस कुत्ते ने काटा था। इसके बाद उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए रेफर किया गया था, लेकिन 13 नवंबर को उनकी मौत हो गई। इसके अलावा लगडू में भी एक स्कूली छात्रा को लावारिस कुत्ते ने काटा है। ये लावारिस कुत्ते झुंड बनाकर हमला करते हैं। सरकार और स्थानीय प्रशासन को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। बच्चों के परिजन भी अपने बच्चों को स्कूल पहुंचने तक चिंता में रहते हैं।
क्या कहते हैं लोग
समाजसेवा के चलते कई बार अगर रात को देर से कहीं आना-जाना हो तो अंधेरे के कारण इन लावारिस कुत्तों के झुंडों से डर लगता है।
- प्रवीण कुमार, निवासी लगडू
विद्यार्थियों को स्कूल जाते समय इन लावारिस कुत्तों का काफी डर रहता है। कई बार तो बच्चों को खुद स्कूल छोड़ना और लाना पड़ता है।
-बुद्धि सिंह, स्थानीय निवासी
कई बार बुजुर्ग भी घरेलू सामान लेने के लिए दुकानों में आते हैं, लेकिन अब इन लावारिस कुत्तों के झुंड से डर का माहौल बना हुआ है।
- जगदीश चंद, स्थानीय निवासी
चंगर क्षेत्र में लावारिस कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। इसके कारण स्कूली छात्राें, लोगों सहित चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
- विरेंद्र कुमार, प्रधान, गांव पंचायत टिहरी
खुंडियां में झुंड बनाकर बैठे लावारिस कुत्ते। संवाद
खुंडियां में झुंड बनाकर बैठे लावारिस कुत्ते। संवाद
खुंडियां में झुंड बनाकर बैठे लावारिस कुत्ते। संवाद
खुंडियां में झुंड बनाकर बैठे लावारिस कुत्ते। संवाद