पालमपुर (कांगड़ा)। सिविल अस्पताल पालमपुर समेत सभी सरकारी अस्पतालों में अब ईसीजी टेस्ट और अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों से शुल्क लिया जाएगा। यह शुल्क अब हर अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की ओर से तय किया जाएगा।
सिविल अस्पताल पालमपुर में शुक्रवार से यह शुल्क लिया जाने लगा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 28 मार्च को जारी हुई अधिसूचना के अनुसार अब अल्ट्रासाउंड और ईसीजी टेस्ट सरकारी अस्पतालों में मुफ्त नहीं होंगे। अस्पतालों में मरीजों को टेस्ट से पहले शुल्क की पर्ची कटवानी होगी। फिलहाल पालमपुर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए 150 रुपये और ईसीजी टेस्ट के लिए 50 रुपये शुल्क लिया जाएगा।
यह शुल्क पुराने रेट के मुताबिक निर्धारित किया गया है, हालांकि गर्भवती महिलाओं को इन टेस्टों की सुविधा अभी भी मुफ्त मिलेगी।
इससे पहले, मार्च 2021 में भाजपा सरकार ने इन टेस्टों को मुफ्त करने का आदेश जारी किया था लेकिन अब इन टेस्टों को मुफ्त की सूची से हटा दिया है।