धर्मशाला। अब राशन उपभोक्ताओं को कोटे और राशन से जुड़ी जानकारी के लिए उचित मूल्य की दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपभोक्ता घर बैठे ही मोबाइल फोन पर राशन का पूरा ब्योरा देख सकेंगे। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने हाल ही में मेरा राशन एप 2.0 लॉन्च किया है। जिले में इस एप के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभाग ने उचित मूल्य की दुकानों पर क्यूआर कोड लगाए हैं।
इस पहल से उपभोक्ता एप के माध्यम से अपने राशन कार्ड का विवरण और निर्धारित कोटे की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इससे उन्हें यह पता चल सकेगा कि कार्ड पर कितना राशन आवंटित हुआ है और उन्हें कितना मिलना है।
नई व्यवस्था का विशेष लाभ बुजुर्गों, महिलाओं और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को मिलेगा। हाल ही में कांगड़ा दौरे पर पहुंचीं केंद्रीय राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया ने भी लोगों में इस एप के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
क्यूआर कोड से बढ़ेगी पारदर्शिता
उचित मूल्य की दुकानों पर लगाए गए क्यूआर कोड को स्कैन करते ही मोबाइल पर गूगल में एप का नाम दिखाई देगा। इसके बाद उपभोक्ता प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर पंजीकृत मोबाइल नंबर के जरिए लॉगिन कर सकते हैं। विभाग का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से वितरण में पारदर्शिता आएगी और निगरानी रखना भी आसान होगा।
उपभोक्ता अब अपने राशन के कोटे की जानकारी घर बैठे ही ले पाएंगे। लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए उचित मूल्य की दुकानों में क्यूआर कोड लगा दिए हैं। उपभोक्ता मोबाइल पर मेरा राशन एप डाउनलोड कर सकते हैं। -पुरुषोत्तम सिंह, जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, कांगड़ा