धर्मशाला। जिला कांगड़ा में संक्रमण के मामलों के साथ अब कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा भी थम गया है। 71 दिन बाद जिले में लगातार दूसरे दिन भी किसी संक्रमित व्यक्ति की मौत नहीं हुई है। हालांकि, शुक्रवार को 23 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस दौरान 892 लोगों की टेस्टिंग की गई। 82 संक्रमित मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली है।
सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि दूसरे दिन भी जिले में किसी संक्रमित मरीज ने दम नहीं तोड़ा है, जोकि राहत की खबर है। उन्होंने बताया कि संक्रमितों में पपलाह का व्यक्ति, भरानांटा की युवती, डाढ का व्यक्ति, गदराना के दो लोग, जवाली के धार का बुजुर्ग, भरोल का व्यक्ति, बराई के दो लोग, श्यामनगर की महिला, मनियारा का व्यक्ति, पक्का टियाला के दो लोग, थुरल की युवती, लाहरू की बुजुर्ग महिला, हमीरपुर की महिला, कांगड़ा के दो लोग, चांदमारी की बुजुर्ग महिला, शिमला का युवक व सोलदा की दो युवतियां शामिल हैं।
विदेश में पढ़ाई, नौकरी करने वालों को आज लगेगा टीका
धर्मशाला। जिन विद्यार्थियों को शिक्षा के उद्देश्य से विदेश यात्रा पर जाना पड़ेगा या विदेश में नौकरी के लिए जाना है, उनके लिए 26 जून को जोनल अस्पताल धर्मशाला में विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी।
सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि टीकाकरण की विशेष व्यवस्था पहली खुराक के 28 दिनों के बाद उन लोगों के लिए उपलब्ध है, जिन्होंने विदेश यात्रा की योजना बनाई है, जो उस तारीख से 84 दिनों के वर्तमान अनिवार्य न्यूनतम अंतराल के पूरा होने से पहले आते हैं। उन्होंने बताया कि कोविड टीकाकरण की दूसरी डोज के लिए लाभार्थियों को अपने साथ पासपोर्ट की कॉपी, नियुक्ति प्राधिकरण अथवा यूनिवर्सिटी का पत्र साथ लाना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त जिन लाभार्थियों ने 31 अगस्त से पहले विदेश जाना है और कोविड टीकाकरण की पहली डोज को 28 दिन हो गए हैं, उन्हें ही कोविड टीकाकरण की दूसरी डोज दी जाएगी।