बैजनाथ (कांगड़ा)। विकास कार्यों में अनियमितताओं को लेकर विवादों में रही विकास खंड की भट्टू पंचायत में अब सरकारी सीमेंट को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। पंचायत के जगदीश और सुरेश कुमार ने पंचायत प्रधान को उनके घरों में सरकारी सीमेंट के बैग होने की सूचना दी। सीमेंट के यह बैग पूरी तरह से जाम हो चुके हैं। एक घर से आठ और दूसरे घर से सीमेंट के 35 बैग मिले हैं। बहरहाल प्रधान ने मामले की शिकायत खंड विकास अधिकारी कार्यालय में की है।
खंड विकास अधिकारी कुलवंत ठाकुर ने पुलिस में शिकायत कर मामले की जांच करने का आग्रह किया है। इस मामले के बाद पुलिस ने दोनों घरों का दौरा करके आवश्यक कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि पंचायत के पूर्व प्रधान के समय पिछले वर्ष सीमेंट के बैग इन दोनों घरों में रखे गए थे और इन दोनों लोगों ने कई बार मौखिक रूप से पूर्व प्रधान को सीमेंट के बैग उठाने का आग्रह किया था। पंचायत का जनवरी 2019 के बाद का रिकॉर्ड गायब है और यह मामला न्यायालय में चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि पंचायत के रिकॉर्ड के गायब होने के बाद अक्तूबर 2020 में शिकायत मिलने पर बीडीओ की ओर से की गई जांच में भी विकास कार्य में अनियमितताएं पाई गई थीं और पूरी तरह से खराब हो चुके इन सीमेंट के बैग को भी उन अनियमितताओं से ही जोड़ा जा रहा है। खंड विकास अधिकारी कुलवंत ठाकुर ने बताया कि नई पंचायत में सीमेंट के बैग मिलने की शिकायत की है और मामले को पुलिस के सुपुर्द किया गया है।