हरिपुर (कांगड़ा)। क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग के संबंध में एडवोकेट शिवेंद्र सैनी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने लोक निर्माण विभाग उपमंडल हरिपुर के एसडीओ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गुलेर-नगरोटा सूरियां-सकरी, बनखंडी-बासा-महेबा, हरिपुर-ततानी-बनखंडी और गुलेर-नंदपुर-लुडरेट मार्गों की बदहाल स्थिति का उल्लेख किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष से सड़कें उखड़ी हैं। निर्माण अब तक पूरा नहीं हो पाया है। जगह-जगह गहरे गड्ढों और उखड़ी सतह के कारण स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, किसानों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। ये मार्ग दुर्घटनाओं का केंद्र बनते जा रहे हैं। शिवेंद्र सैनी ने विभाग से लंबित निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने की मांग की। इस अवसर पर हरिपुर पंचायत के प्रधान कमलजीत, उपप्रधान संदीप शर्मा, ग्राम पंचायत गुलेर के प्रधान वरुण धीमान सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद