पालमपुर (कांगड़ा)। छत्तीसगढ़ में एक महिला के साथ दुष्कर्म करने और उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोपी व्यक्ति को पालमपुर के मारंडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ‘निर्मल बाबा’ के नाम के महशूर है। नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले कई दिनों से ठिकाने बदल रहा था।
आरोपी बाबा के खिलाफ छत्तीसगढ़ के पामपुर पुलिस थाना में एक महिला ने दुष्कर्म और उसका वीडियो वायरल करने की शिकायत दर्ज करवाई थी। मामला दर्ज होते ही बाबा वहां से फरार हो गया था। सूत्रों के अनुसार पीड़िता और बाबा पहले साथ में विभिन्न मंदिरों में रहते थे और शादी भी करना चाहते थे। लेकिन आपसी अनबन के बाद दोनों अलग हो गए। इससे गुस्साए बाबा ने महिला की फेक आईडी बनाकर उसका वीडियो वायरल कर दिया।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी बाबा पहले माता वैष्णो देवी के दरबार पहुंचा। वहां से वह बैजनाथ जाने की फिराक में था। इस दौरान उसने कभी पैदल तो कभी वाहनों से लिफ्ट लेकर अपना सफर तय किया। पुलिस लगातार उसकी मोबाइल लोकेशन को ट्रैक कर रही थी, जिससे उसके पालमपुर क्षेत्र में होने की पुष्टि हुई।
गुम हुआ मोबाइल बना गिरफ्तारी की वजह
दिलचस्प बात यह है कि मारंडा पहुंचने पर बाबा का मोबाइल कहीं गुम हो गया था। स्थानीय पुलिस के सहयोग से जब मोबाइल की तलाश शुरू हुई तो छत्तीसगढ़ पुलिस को उसकी सटीक लोकेशन मिल गई। मोबाइल बरामद होने के साथ ही पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को मारंडा में ही धर दबोचा।
छत्तीसगढ़ पुलिस आरोपी बाबा को अपनी कस्टडी में लेकर वापस ले गई है। पालमपुर पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई में छत्तीसगढ़ पुलिस का भरपूर सहयोग किया। अब आरोपी को पामपुर (छत्तीसगढ़) की अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।