शाहपुर (कांगड़ा)। न्यू चंडीगढ़ की तर्ज पर अब न्यू चंगर विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं को घर द्वार पर ही रोजगार के अवसर मिलेंगे। यह बात उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लंज कॉलेज के वार्षिक समारोह में कही।
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता सुधारने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिसके सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखने लगे हैं। उन्होंने कॉलेज में 2.5 लाख रुपये से नवनिर्मित जिम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि संस्थान में विभिन्न विकास कार्यों पर 14.64 लाख खर्च किए गए हैं। आईसीटी लैब को उन्नत बनाने के लिए 28.60 लाख रुपये खर्च किए हैं।
इस अवसर पर उन्होंने कबड्डी मैट और टेबल टेनिस की सुविधा प्रदान करने, महाविद्यालय में 2 सोलर लाइट, 4 सीसीटीवी कैमरे और 12 नए कंप्यूटर देने का भी घोषणा की। मुख्य सचेतक ने कहा कि तकनीकी शिक्षा एवं टाउन प्लानिंग मंत्री जल्द ही क्षेत्र का दौरा कर टाउनशिप प्लानिंग की जगह का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को सिद्ध भेड़ा और गोठ गांव तक सड़क पहुंचाने तथा मालधु में पेयजल समस्या दूर करने के लिए हैंडपंप व पाइप लाइन बदलने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही, चकवन लंज की पशुपालन डिस्पेंसरी को गोठ या सिद्ध भेड़ा में स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया।
कॉलेज के प्रतिभाशाली छात्रों को किया सम्मानित
इससे पहले प्रधानाचार्य डॉ. संजय शर्मा ने कॉलेज की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यातिथि ने शैक्षणिक और खेल गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार बांटे। एक सराहनीय पहल के तहत पूर्व प्रधानाचार्यों और गण्यमान्य नागरिकों में आरपी चोपड़ा, केएल बंटा आदि ने महाविद्यालय की 12 छात्राओं की पूरे वर्ष की फीस का खर्च उठाते हुए उन्हें चेक भेंट किए।