धर्मशाला। प्रदेश में सरसों तेल की आपूर्ति को लेकर चल रही अनिश्चितता आखिरकार खत्म हो गई है। राजस्थान से तेल की सप्लाई शुरू हो चुकी है, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। आपूर्ति कंपनी अगले एक सप्ताह के भीतर प्रदेश की 121 होलसेल दुकानों तक सरसों तेल पहुंचा देगी।
खाद्य आपूर्ति निगम ने पहले 15 जून से तेल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा था, लेकिन पैकिंग मटेरियल के आयात में दिक्कतों के कारण सप्लाई अटक गई थी। स्थिति को देखते हुए निगम ने आपूर्तिकर्ताओं के साथ बैठक कर इस समस्या को सुलझाया, जिसके बाद अब राजस्थान से गाड़ियां आना शुरू हो गई हैं। लगभग दो महीने बाद डिपुओं में सरसों का तेल उपलब्ध होगा, हालांकि इस बार उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले सात रुपये प्रति लीटर महंगा तेल मिलेगा।
निगम ने प्रदेश के करीब 19.5 लाख उपभोक्ताओं के लिए कुल 27 लाख लीटर खाद्य तेल के ऑर्डर जारी किए हैं। इस बार डिपुओं में बीपीएल और एपीएल उपभोक्ताओं को 160 रुपये प्रति लीटर, जबकि आयकर दाताओं को 167 रुपये प्रति लीटर की दर से तेल दिया जाएगा। इसके साथ ही निगम जल्द ही रिफाइंड तेल के टेंडर भी करने जा रहा है।
प्रदेश की होलसेल दुकानों में इस सप्ताह के अंत तक सरसों के तेल की सप्लाई पहुंच जाएगी। राजस्थान से गाड़ियां आना शुरू हो चुकी हैं। इसके अलावा रिफाइंड तेल की टेंडर प्रक्रिया भी की जा रही है। -राजेश्वर गोयल, एमडी, खाद्य आपूर्ति निगम