रैहन (कांगड़ा)। वन विभाग ने फतेहपुर मंडल के पोलिया में रात्रि गश्त के दौरान नाकेबंदी कर खैर की लकड़ी की तस्करी करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वन विभाग और पुलिस की टीम ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक ट्राला जीप और मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
वन मंडल फतेहपुर के रेंज अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि विभाग को क्षेत्र में खैर के पेड़ों के अवैध कटान और लकड़ी की तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने पोलिया में नाका लगाया। इस दौरान एक संदिग्ध ट्राला जीप को जांच के लिए रोका गया तो चालक लकड़ी से संबंधित कोई भी वैध परमिट या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से खैर के 28 अवैध मोच्छे बरामद हुए। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह लकड़ी जूनाट बीट के जंगल, वन खंड फतेहपुर और जवाली वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगलों से अवैध रूप से काटी गई थी।
वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युसूफ निवासी जूरी, चरड़ा, तहसील तीसा (चंबा) और संजय निवासी बन दी हट्टी, मुबारिकपुर (ऊना) के खिलाफ बीएनएस की धारा 303 और भारतीय वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस और वन विभाग की टीम मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।