पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर नगर निगम के वार्ड दो रामचौक के पास मिले महिला के शव मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया है कि महिला की हत्या हुई थी। पुलिस पूछताछ के लिए पकड़े गए पांच लोगों की डीएनए टेस्ट करवाएगी।
पालमपुर में मंगलवार को राम चौक के जंगी पुल के पास किराये के मकान में रह रही महिला का शव घर में मिला था। महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला था, जिसकी सूचना पुलिस को दी थी। शव का पुलिस ने बुधवार को टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाया था।
लेकिन बताया गया था कि महिला के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। लिहाजा, पुलिस प्रथम दृष्टया 174 के तहत मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम का इंतजार कर रही थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पालमपुर पुलिस के पास पहुंच गई है। पुलिस अब इस मामले में अपनी नई जांच शुरू करेगी। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने पूछताछ के लिए पांच लोगों को पकड़ा है, जिनका अब डीएनए टेस्ट भी करवाया जाएगा।
इनके ब्लड सैंपल ले लिए गए है।पुलिस जल्द बड़ा खुलासा कर सकती है। उधर, डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने कहा कि पुलिस ने महिला की मौत पर 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है।