कांगड़ा। लोकसभा सांसद डा. राजीव भारद्वाज ने निर्माणाधीन मटौर-शिमला फोरलेन के अंतर्गत प्रभावित चार पंचायतों का शुक्रवार को दौरा किया। निरीक्षण के दौरान विधायक पवन काजल, एनएचएआई के परियोजना निदेशक विक्रमजीत सिंह मीणा और निर्माणाधीन कंपनी के मैनेजर कविराज भी मौजूद रहे। सांसद ने सबसे पहले कांगड़ा विस क्षेत्र की तकीपुर पंचायत का दौरा किया। यहां पर ग्रामीणों ने राजकीय डिग्री कॉलेज के पास ओवर ब्रिज बनाने की मांग रखी। इसके बाद सांसद विभागीय अधिकारियों की टीम के साथ कुलथी पंचायत पहुंचे। जहां पर पंचायत प्रधान ममता भंडारी ने पंचायत को फोरलेन से जोड़ने के लिए अंडरपास बनाने का आग्रह किया। दौलतपुर पंचायत के पूर्व प्रधान संतोष कुमारी और सतीश सोनी ने कंडी रोड को फोरलेन से कनेक्टिविटी देने की मांग रखी।
उसके बाद उनका काफिला तरसूह पंचायत पहुंचा। वहां के उपप्रधान अश्विनी कुमार ने पंचायत को जोड़ने के लिए फोरलेन के ऊपर ओवरब्रिज बनाने की मांग रखी, जबकि जोगीपुर पंचायत प्रधान रिंपल कुमार ने राजकीय हाई स्कूल के वर्षों पुराने रास्ते को बंद करने पर नाराजगी जताते हुए फोरलेन से कनेक्टिविटी देने की मांग रखी। सांसद भारद्वाज में मौके पर उपस्थित एनएचएआई के अधिकारियों को शीघ्र चिन्हित स्थानों पर अंडरपास और ओवरब्रिज बनाने के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश जारी किए। भारद्वाज ने कहा वह और स्थानीय विधायक शीघ्र इस डीपीआर को लेकर केंद्रीय सड़क मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगे और अतिरिक्त बजट का प्रावधान करवा कर ग्रामीणों की जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जाएगा। इस मौके पर मंडल भाजपा अध्यक्ष रणजीत सिंह, अशोक कुमार, सत्य प्रकाश सोनी, रजनीश मोना, हेमराज सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।