राजा का तालाब (कांगड़ा)। प्रदेश पौंग बांध विस्थापित समिति के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल कांगड़ा-चंबा लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज से छह दशक पुरानी पीड़ा के स्थायी समाधान के लिए मिला। समिति ने अपनी विभिन्न समस्याओं को सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के साथ चर्चा करते हुए मुद्दों को संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार के सामने रखने का आग्रह किया। समिति ने अपनी समस्याओं में हल्दून घाटी की उपजाऊ भूमि को न चाहते हुए पौंग बांध के निर्माण की खातिर छोड़ने के बाद बेघर होकर समझौते के अनुरूप राजस्थान में बसाने की प्रक्रिया को आज दिन तक पूर्णतः अमल में न लाने सहित अन्य समस्याओं से अवगत करवाया। समिति ने इस दौरान सांसद को ज्ञापन भी सौंपा। इसमें उन्होंने संसद के शीतकालीन सत्र में सरकार के समक्ष उनकी मांगों को प्रमुखता से रखने का आग्रह किया है।
सांसद ने कहा कि उनकी समस्या को लेकर विशेष रूप से प्रधानमंत्री से मिलेंगे और उनके समक्ष मुद्दों को गंभीरता से रखेंगे। शून्य काल में मुद्दों को गंभीरता से संसद में रखेंगे। वहीं उन्होंने कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल से भी गंभीर मसले के स्थायी समाधान के लिए वार्ता करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर युवा भाजपा नेता पंकज हैप्पी, पूर्व उपप्रधान प्रदीप कूका, प्रदेश पौंग बांध विस्थापित समिति प्रधान हंस राज चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एमएल कौंडल, बिशंबर पगडोत्रा, कुलदीप शर्मा आदि मौजूद रहे।