सोल बनेहड़ के अंतर्गत कंठवाल बस्ती में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के समापन यज्ञ में पूर
लंबागांव (कांगड़ा)। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने शुक्रवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की सोल बनेहड़ पंचायत के कंठवाल बस्ती में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में पहुंचने पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सांसद का स्वागत किया। उन्होंने यज्ञ में पूर्णाहुति डालकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान ग्रामीणों ने कंठवाल बस्ती से होकर गुजरने वाली सड़क के अधूरे निर्माण कार्य और सुरक्षा के लिए डंगा निर्माण की मांग सांसद के समक्ष रखी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क का आधा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है जबकि शेष हिस्सा अभी अधूरा है। साथ ही कई स्थानों पर डंगा निर्माण की आवश्यकता है।
ग्रामीणों की मांग को उचित ठहराते हुए सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने घोषणा की कि सड़क के शेष निर्माण कार्य और आवश्यक स्थानों पर डंगा लगाने के लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान राधा देवी, उपप्रधान रविकांत शर्मा, जिला परिषद सदस्य अनीता देवी, भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के महामंत्री संजीव ठाकुर, भाजपा पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।