लंबागांव (कांगड़ा)। उपतहसील आलमपुर की बालकरूपी पंचायत के भेड़ी गांव से 3 मार्च को लापता हुई मोहनी ठाकुर (24) का शव वीरवार को आलमपुर के समीप ब्यास नदी से बरामद हुआ।
मोहनी ने एमएससी की पढ़ाई की थी और इन दिनों नेट की तैयारी कर रही थी। 3 मार्च की सुबह वह अपने घर से कहीं चली गई थी, जिसके बाद परिजनों ने उसे आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद परिजनों ने आलमपुर पुलिस चौकी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सर्च अभियान शुरू किया। बुधवार को खोजबीन के दौरान डॉग स्क्वायड, एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली गई, लेकिन शाम तक युवती का कोई पता नहीं चल पाया।
वीरवार को दोबारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान आलमपुर से कुछ दूरी पर लोंगनी के पास ब्यास नदी में युवती का शव बरामद हुआ। युवती के पिता सुजानपुर में फोटोग्राफी की दुकान करते हैं। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है, जो बीटेक की पढ़ाई कर रहा है।
आलमपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज के शव गृह भेज दिया है और मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।