लंबागांव (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस थाना की टीम की तत्परता से एक नाबालिग लड़की की जान बच गई। जहरीला पदार्थ खाने के बाद लड़की ने खुद हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर मदद मांगी थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता से उसे तलाश कर अस्पताल पहुंचाया।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा के अनुसार क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की ने किसी कारणवश जहरीला पदार्थ निगल लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसने स्वयं हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर इसकी जानकारी दी। आपातकालीन सूचना मिलते ही मामला लंबागांव पुलिस के पास पहुंचा। थाना लंबागांव में तैनात एसआई कमल कुमार अपनी टीम के साथ तुरंत लड़की की तलाश में जुट गए।
उन्होंने बताया कि शुरुआती प्रयासों में लड़की का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी सहायता से उसके मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। सटीक लोकेशन मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल जयसिंहपुर पहुंचाया।प्राथमिक उपचार के बाद नाबालिग की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रहा है।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल युवती ने जहर कैसे और किन कारणों से खाया इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है।