नगरोटा सूरियां में गज्ज खड्ड पर बनने वाले पुल का निरीक्षण करते मंत्री चंद्र कुमार और अन्य अधिका
रैहन/कोटला/बरियाल (कांगड़ा)। कृषि और पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र जवाली के विकास को नई गति प्रदान की। उन्होंने क्षेत्र में 10.17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली रजोल-अनूही-जांगल-बग्गा सड़क और इसी मार्ग पर देहर खड्ड के ऊपर बनने वाले पुल के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस सड़क और पुल के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने सड़क की मजबूती और टिकाऊपन के लिए किनारे पर पानी की समुचित निकासी सुनिश्चित करने और गुणवत्तापूर्ण ड्रेनेज नालियों के निर्माण पर भी विशेष बल दिया।
। कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने जवाली में भूमि पूजन से पहले नगरोटा सूरियां में गज्ज खड्ड पर 86.34 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बहुप्रतीक्षित पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थल का दौरा कर अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली और काम में जुटी पंचकूला की कंपनी व लोक निर्माण विभाग की सराहना की।
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ नरेंद्र राणा ने बताया कि पुल के कुल 23 स्पैन में से नौ की नींव का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि सात स्पैन का निर्माण दिन-रात जारी है। शेष सात स्पैन की नींव का काम भी बरसात शुरू होने से पहले पूरा करने का लक्ष्य है। 86.34 करोड़ की लागत से बन रहे इस पुल के तैयार होने पर नगरोटा सूरियां से जरोट की दूरी आठ किलोमीटर से घटकर मात्र दो किलोमीटर रह जाएगी, जबकि जवाली की दूरी भी 25 से घटकर 18 किलोमीटर होगी। इससे पौंग झील क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।