महिला पुलिस थाना के नए भवन में मिलेगी आवासीय सुविधाभ
भवन तैयार, जिला पुलिस ने शुरू की उद्घाटन की प्रकिया
महिला कर्मियों के बच्चों के लिए रहेगी भवन में क्रैच की सहूलियत
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित पुलिस लाइन में महिला पुलिस थाना के नए भवन का निर्माण किया गया है। महिला पुलिस थाना के भवन में कर्मचारियों को आवासीय सुविधा भी मिलेगी। भवन तैयार हो गया है। अब इसके उद्घाटन को लेकर कांगड़ा पुलिस ने प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए मुख्यमंत्री से समय मिलने पर भवन का शुभारंभ किया जाएगा। इसमें पुलिस थाना के अलावा अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
महिला पुलिस थाना धर्मशाला का कार्य वर्तमान में पंजीयक सहकारी सभा कार्यालय के धरातल में चलाया रहा है। महिला पुलिस थाना के तहत दर्ज मामलों में गिरफ्तार किए गए आरोपियों को यहां पर रखने के लिए व्यवस्था नहीं है, जबकि सीमित स्थान के चलते थाना के कार्याें को करने में भी समस्याएं पेश आ रही हैं।
इसी के चलते कांगड़ा पुलिस की ओर से पुलिस लाइन में नया भवन बनाया गया है। इस भवन में पुलिस थाना के संचालन के अलावा दो बैरक, दो विश्राम कक्ष, आवासीय सुविधा कर्मियों को प्रदान की जाएगी। इसके अलावा भवन में क्रैच की व्यवस्था भी की गई है। इसमें पुलिस कर्मियों के अलावा अन्य विभागों की नौकरीपेशा महिलाओं के बच्चों की देखभाल के लिए भी व्यवस्था करने की योजना पुलिस ने बनाई है।
उधर, एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि महिला पुलिस थाना के नए भवन का निर्माण पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका उद्घाटन करवाया जाएगा।