बीड़ में घरों में लगी आग पर काबू पाते स्थानीय लोग। जागरूक पाठक।
बैजनाथ/बीड़ (कांगड़ा)। उपमंडल बैजनाथ के तहत बीड़ में बुधवार सुबह करीब 9:00 बजे अचानक आग लगने से चार घर इसकी चपेट में आ गए। आग की लपटें उठती देख क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने में जुटे रहे, लेकिन दो घर पूरी तरह आग की चपेट में आ गए। इस अग्निकांड में प्रभावित परिवारों का सामान, नकदी, आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए।
आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। घर के मालिक कर्नल जतिंद्र पाल और कुलविंद्र पाल ने बताया कि बुधवार सुबह किराये पर दिए गए घरों से अचानक धुएं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। इस परिसर के साथ पांच अन्य घर भी सटे हुए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और प्रशासन की मुस्तैदी से समय रहते आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
इस हादसे में मजदूरी करने वाले भरत कुमार की पत्नी सुदर्शना देवी, आदित्य की पत्नी जीविका, गुड्डू देवी और अश्वनी पाल के परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। पीड़ित सुदर्शना देवी ने एक दिन पहले ही कमेटी से 50 हजार रुपये की नकदी निकाली थी, जो सोने के आभूषणों सहित इस आग में स्वाहा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बीड़ पुलिस चौकी से एसआई दिलीप सकलानी टीम सहित मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही बैजनाथ, जोगिंद्रनगर और पालमपुर से आईं दमकल टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का विस्तृत आकलन किया है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से प्रभावितों को तुरंत उचित मुआवजा देने और पर्यटन नगरी बीड़ में स्थायी अग्निशामक केंद्र खोलने की पुरजोर मांग की है। उधर, एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि राजस्व कर्मचारियों को नुकसान के सटीक आकलन के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत दी जा रही है और विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।
बीड़ में घरों में लगी आग पर काबू पाते स्थानीय लोग। जागरूक पाठक।