मैक्लोडगंज। पुलिस थाना मैक्लोडगंज के अंतर्गत एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। टैंगल मोड़ स्थित किराये के कमरे में वीरवार को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान अमित कुमार (41) पुत्र राम कृष्ण निवासी गांव नड्डी डाकघर डल लेक के रूप में हुई है। अमित क्षेत्र में एक टूर एंड ट्रेवल एजेंसी में काम करता था और टैंगल मोड़ स्थित एक मकान में किराये के कमरे में रहता था। वीरवार को एजेंसी के मालिक संजीव जसवाल निवासी फरसेटगंज ने थाना में बताया कि अमित कुमार उनकी एजेंसी में स्कूटियों का रखरखाव करता था।
अमित आठ अक्तूबर को ऑफिस में नहीं आया था और उसका नंबर भी बंद था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय वार्ड पार्षद और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में कमरा खुलवाया तो अमित कुमार बिस्तर पर मृत अवस्था में पाया गया। मृतक अविवाहित था और पिछले कुछ वर्षाें से अकेला किराये के कमरे में रह रहा था। पुलिस ने परिजनों के बयान कलमबद्ध किए, जिसमें बताया गया कि वह कुछ दिन से बीमार था। उधर, एएसपी बीर बहादुर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में बीमारी से व्यक्ति की मौत की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, मौत कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से चलेगा।