धर्मशाला। नौकरी दिलाने के बहाने एक युवक के नाम पर कथित रूप से लोन और क्रेडिट कार्ड बनवाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पालमपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित को बैंक से कानूनी नोटिस मिला।
पुलिस के अनुसार मंडी जिले के जोगिंद्रनगर निवासी पुनीत कुमार ने शिकायत में बताया कि जून 2022 में पालमपुर डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक निजी कार्यालय में उसे ऑफिस बॉय की नौकरी दी गई थी। कुछ महीनों तक वेतन नकद मिलने के बाद कार्यालय संचालकों ने वेतन ऑनलाइन ट्रांसफर करने का हवाला देकर उसका आईसीआईसीआई बैंक में खाता खुलवाने की बात कही।
इसके लिए आरोपियों ने उसके आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज ले लिए और कई कागजों पर हस्ताक्षर करवा लिए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसे झांसे में रखकर उसके नाम पर लोन और क्रेडिट कार्ड जारी करवा लिया गया, जिसकी उसे भनक तक नहीं लगने दी गई। इस क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल भी आरोपी स्वयं करते रहे।
बाद में उसकी पत्नी को भी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर कार्यालय बुलाया गया और उनके दस्तावेज व हस्ताक्षर भी ले लिए गए। इसके बाद वर्ष 2023 में उसे काम से हटा दिया गया और कुछ समय बाद आरोपी दफ्तर बंद करके फरार हो गए। 12 जून 2024 को जब पीड़ित को लोन और क्रेडिट कार्ड के भुगतान से संबंधित बैंक का नोटिस मिला, तब उसे ठगी का पता चला।
एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि शिकायत के आधार पर अनुभव शर्मा, करण शर्मा और तमन्ना ठाकुर के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।