धर्मशाला। जवाली डिविजन के तहत कोटला उपमंडल के बग्गा सेक्शन स्थित भरमाड़ा गांव में बिजली व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। क्षमता से कम ट्रांसफार्मर होने के कारण ग्रामीणों को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण लंबे समय से यहां 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार को पूरा दिन गांव में बिजली आपूर्ति ठप रही। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब एक साल से यह परेशानी लगातार बनी हुई है और सप्ताह में दो से तीन दिन बिजली बाधित होना आम बात हो गई है। कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत करवाने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि जब भरमाड़ा में 25 केवी ट्रांसफार्मर लगाया गया था, तब गांव में केवल 20 से 25 घर थे। अब घरों की संख्या बढ़कर करीब 150 हो गई है। इसके अलावा कई घरों में एसी सहित अन्य बिजली उपकरणों का इस्तेमाल बढ़ा है, जिससे पुराने ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि 63 या 100 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने से ही समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है। संवाद
भरमाड़ा गांव में बिजली जाने की जानकारी है। अभी विभागीय कर्मी दूसरी जगह ट्रांसफार्मर को ठीक करने का काम कर रहे हैं। इसमें समय लग सकता है। इसके बाद ही भरमाड़ा के ट्रांसफार्मर को ठीक कर दिया जाएगा। - कुंदन सिंह, एसडीओ, बिजली बोर्ड, कोटला