योल (कांगड़ा)। बिजली बचाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से शुरू एलईडी बल्ब वितरण योजना का गरीब लोगों को कोई फायदा नहीं मिल रहा है। ऐसा सब कंपनी की मनमर्जी से हो रहा है।
सरकार ने एक एलईडी बल्ब की खरीद पर 10 रुपये देकर बाकी रकम बिल के साथ किस्तों में देने का प्रावधान किया है मगर कंपनी प्रत्येक उपभोक्ता से शुरू में ही 100 रुपये वसूल रही है। जिससे उपभोक्ता परेशान हैं। सरकार ने एक साथ तीन बल्ब देने का प्रावधान किया है मगर कंपनी नियमों को दरकिनार कर रही है। बिजली बोर्ड सिद्धपुर के एसडीओ सुरेश कौंडल ने बताया कि योजना का लाभ दिया जा रहा है। इसमें कोई फेरबदल नहीं है।
उन्होंने कहा कि बल्ब पहले की तरह ही देने का प्रावधान है लेकिन कंपनी केवल नकद राशि पर बल्ब बेच कर अपने लाभ के लिए आंकड़े पूरे कर सरकारी योजना को दिशा से भटका रही है। उपभोक्ताओं में कुलदीप, परवेश, राकेश, अनिल कुुमार, बलवंत, रमन, विजय, सम्मी ने बताया कि एलईडी बल्ब देने पर उन्हें ज्यादा पैसे देने पड़ रहे हैं। पहले एक बल्ब को लेने पर दस रुपये अदा करने पड़ते थे। अब पूरी राशि अदा करनी पड़ रही है।
योजना बीपीएल परिवार के लिए : कंपनी
ईईएसएल कंपनी के प्रतिनिधि का तर्क है कि योजना बीपीएल परिवार के लिए है। प्रधान से लिखवाकर लाने पर दस रुपये प्रति बल्ब दिया जाएगा।
सभी वर्गों के लिए है योजना
एसडीओ सुरेश कौंडल ने बताया कि योजना सभी वर्गों के लिए है। इस संबंध में कोई भी अधिसूचना जारी नहीं है।