धर्मशाला। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के भागसूनाग में वीरवार को स्थानीय युवकों और होटल कर्मियों में लात-घूंसे चले। पानी की बोतल के बिल को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई। पुलिस ने इस मारपीट में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार भागसूनाग के समीप पानी की बोतल के बिल को लेकर स्थानीय लोगों और होटल कर्मियों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर प्रहार किए।
मामला शांत न होते देख होटल मालिक ने इसकी शिकायत मैक्लोडगंज पुलिस थाना में की। इस पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। होटल के मालिक अमित ने बताया कि पानी की बोतल के पैसों को लेकर स्थानीय लोगों ने लड़ाई की है। इस दौरान होटल के स्टाफ को चोटें भी आई हैं। मालिक ने बताया कि उनके ऊपर भी हमला किया गया है। उधर, एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि लड़ाई-झगड़े के मामले में मैक्लोडगंज पुलिस थाना में मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।